One community. One identity. One digital platform. ✦ Together, we grow.
Patidar Ekta Manch Patidar Ekta ManchPATIDAR EKTA MANCH
Sign in
Stories & insights

उज्जैन जिले के तराना में मां उमिया माता का भव्य मंदिर

·Stories & insights

उज्जैन जिले के तराना में मां उमिया माता का भव्य मंदिर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उज्जैन जिले के तराना में मां उमिया माता का भव्य मंदिर आने वाले समय में न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि मां उमिया की कृपा से यह देवस्थान संपूर्ण प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैं तन से मौके पर न सही, पर मन से आप लोगों के साथ हूँ। जल्द ही मंदिर का दर्शन करूगाँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में सहभागिता की।

पाटीदार समाज की नशामुक्ति और कृषि में विशेष पहचान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पाटीदार समाज के नशा मुक्ति की दिशा में किए गए प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह समाज न केवल कृषि और पशुपालन में अग्रणी है, बल्कि अपनी मेहनत और अनुशासन से समाज के लिए प्रेरणा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार अब गुजरात की तर्ज पर दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए नई योजनाओं पर काम कर रही है।

मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अधिकाधिक गौ-शालाओं का निर्माण कर गौवंश का संवर्धन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे तीन फायदे होंगे- किसानों को गौपालन के लिए कम कीमत पर दुधारू गाय उपलब्ध कराई जाएगी, गौपालन से दूध उत्पादन होगा। दूध उत्पादन से आय होगी और गौपालन से प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों के हित में हमने यह निर्णय लिया है कि म.प्र. का दुग्ध संघ अब न केवल भैंस, बल्कि गाय के दूध की भी खरीदी करेगा, जिससे किसानों की आय में तेजी से वृद्धि होगी। यह पहल राज्य के डेयरी उद्योग के विकास को एक नई दिशा प्रदान करेगी।

गुजरात से पहुंचे विशेष अतिथि, मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन की ओर से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल गुजरात से श्रद्धालु और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि गुजरात ने हमेशा देश का मान बढ़ाया है। गुजरात ने देश को ऐसे सपूत दिए हैं जिन्होंने देश की दिशा और दशा बदली है। गुजरात के गौरव प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं।

मंदिर में बनी भव्य रंगोली ने मोहा मन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर परिसर में बनाई गई विशाल रंगोली और सुसज्जित मंडप की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कलात्मक प्रस्तुति में पाटीदार समाज की रचनात्मकता और उनकी परंपराओं की जीवंत झलक दिखाती है। इससे गुजरात के शिल्प और वास्तुकला की समृद्धता का भी आभास होता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां उमिया माता का यह मंदिर पाटीदार समाज के दृढ़ संकल्प और उनकी संस्कृति का प्रतीक बनेगा। पाटीदार समाज के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के मौलाना गांव का नाम 'विक्रम नगर' करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार जताया और समाज हित में कुछ निर्माण कार्यों के प्रस्ताव दिये।

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, भक्ति में सराबोर माहौल

मां उमिया के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार तथा भक्तिमय वातावरण में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुश्री कविता पाटीदार, तराना विधायक श्री अरुण भीमावद, पाटीदार समाज के श्री बाबूभाई जमनादास पटेल, उमिया माता मंदिर ट्रस्ट के संचालक श्री अशोक कटारिया, श्री घनश्यामजी, श्री जयरामजी, श्री बालकृष्ण पाटीदार, सुश्री हेतल बेन, सुश्री जागृति बेन सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

✦PATIDAR EKTA MANCH

Take the next step in our app.

Enjoy reading here. Download the official app to post, comment, apply for jobs, contact members and support the community.

Download on Google Play ↗